LOADING...
भारत में बनेगा 7,000 किलोमीटर का बुलेट ट्रेन का नेटवर्क, जानिए कब शुरू होगा कार्य
भारत में बनेगा 7,000 किलोमीटर लंबा बुलेट ट्रेन का नेटवर्क

भारत में बनेगा 7,000 किलोमीटर का बुलेट ट्रेन का नेटवर्क, जानिए कब शुरू होगा कार्य

Feb 02, 2026
08:23 pm

क्या है खबर?

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार (1 फरवरी) को संसद में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए केंद्रीय आम बजट पेश किया। इसमें रेल मंत्रालय को कुल 2.93 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय आवंटित किया गया है। इसके बाद सोमवार को रेल मंत्रालय के लिए आवंटित बजट पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बजट पर आधारित रेल परियोजनों की जानकारी देते हुए कहा कि देश में 7,000 किलोमीटर बुलेट ट्रेन का नेटवर्क बनाया जाएगा।

बयान

क्या बोले वैष्णव?

वैष्णव ने कहा, "रेल मंत्रालय जल्द ही बजट 2026-27 में घोषित 7 बुलेट ट्रेनों और एक समर्पित माल गलियारे (DFC) के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का काम शुरू करेगा। सरकार की देश भर में 7,000 किलोमीटर बुलेट ट्रेन नेटवर्क बनाने की योजना है, जिसमें से अब तक 2 चरणों में 4,500 किलोमीटर की घोषणा की जा चुकी है।" उन्होंने आगे कहा, "हम देश में अगले साल से बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू कर देंगे।"

बजट

दिल्ली को मिला 2,711 करोड़ रुपये का बजट- वैष्णव

वैष्णव ने कहा, "मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (MAHSR) परियोजना लगभग 500 किलोमीटर लंबी है और ये आगामी 7 परियोजनाएं लगभग 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। MAHSR पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।" उन्होंने कहा, "रेल मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दिल्ली में रेलवे अवसंरचना के विकास के लिए 2,711 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। यह पिछले साल आवंटित 2,593 करोड़ रुपये से अधिक है।"

Advertisement

पुनर्विकास

दिल्ली में होगा रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास

रेल बजट में अमृत ​​स्टेशन योजना के तहत दिल्ली में 13 रेलवे स्टेशनों को पूर्ण पुनर्विकास के लिए चिन्हित किया गया है, जिसमें कुल 5,887 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन स्टेशनों में आदर्श नगर, आनंद विहार, बिजवासन, दिल्ली कैंट, दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली शाहदरा, हजरत निजामुद्दीन, नरेला, नई दिल्ली, सब्जी मंडी, सफदरजंग और तिलक ब्रिज शामिल है। इसी तरह केंद्र शासित प्रदेश में रेलवे लाइनों का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण हो चुका है।

Advertisement

रेल कॉरिडोर

दिल्ली-वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर

वैष्णव ने रविवार को कहा था कि दिल्ली-वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनने से दिल्ली से वाराणसी की यात्रा का समय घटकर 3 घंटे 50 मिनट रह जाएगा, जबकि पटना होते हुए वाराणसी से सिलीगुड़ी की यात्रा लगभग 2 घंटे 55 मिनट में पूरी होगी। उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली से उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल तक एक नया आर्थिक गलियारा बनेगा। इससे स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सभी प्रकार की आर्थिक गतिविधियां कई गुना बढ़ेंगी।

Advertisement