मौत की सजा पर रोक लगाने वाला प्रस्ताव UN में पारित, भारत ने किया विरोध
क्या है खबर?
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में दुनिया भर में मौत की सजा पर रोक लगाने से जुड़ा प्रस्ताव पारित हो गया है। हालांकि, भारत समेत 33 देशों ने इस प्रस्ताव के विरोध में मतदान किया। वहीं, 133 देशों ने समर्थन में वोट दिया, जबकि 16 देशों ने मतदान से दूरी बना ली। ये प्रस्ताव मेक्सिको की ओर से पेश किया गया था। इसमें देशों से फांसी पर रोक लगाने और मौत की सजा खत्म करने की अपील की गई थी।
प्रस्ताव
प्रस्ताव में क्या कहा गया है?
प्रस्ताव में देशों से मृत्युदंड को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए फांसी की सजा पर रोक लगाने का आह्वान किया गया। इसके अलावा, जिन देशों ने मृत्युदंड समाप्त कर दिया है, उनसे इसे दोबारा लागू नहीं करने की अपील की गई।
यह भी कहा गया कि 18 वर्ष से कम उम्र के अपराधी को मृत्युदंड नहीं दिया जाना चाहिए।
प्रस्ताव में गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों को मृत्युदंड देने पर भी रोक लगाने की अपील की गई।
विरोध
जापान, अमेरिका और सऊदी ने भी किया विरोध
भारत के अलावा बहरीन, मिस्र, ईरान, इराक, जापान, कुवैत, मालदीव, ओमान, पाकिस्तान, कतर, सऊदी अरब और अमेरिका ने भी प्रस्ताव के विरोध में मतदान किया।
भारत ने कहा, "देशों के बीच मौत की सजा खत्म करने पर कोई सहमति नहीं है। हर देश को अपने कानून और सजा तय करने का अधिकार है। भारत में पूरी कानूनी प्रक्रिया के बाद ही यह सजा दी जाती है। ऐसे में इसे सरकार की ओर से की गई हत्या कहना गलत है।"