LOADING...
अमेरिकी व्यापार समझौते में अब भारत आगे, चीन-पाकिस्तान और बांग्लादेश समेत इन देशों से मिलेगी बढ़त
अमेरिका के साथ व्यापार समझौता होने से भारत को मिलेगी बढ़त

अमेरिकी व्यापार समझौते में अब भारत आगे, चीन-पाकिस्तान और बांग्लादेश समेत इन देशों से मिलेगी बढ़त

लेखन गजेंद्र
Feb 03, 2026
11:44 am

क्या है खबर?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार समझौता और टैरिफ घटाने की घोषणा करके दोनों देशों के बीच लंबे समय से चल रहे व्यापारिक तनाव को कम कर दिया है। अमेरिका ने भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत पारस्परिक शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत किया है और रूसी तेल खरीदने पर लगाया अतिरिक्त 25 प्रतिशत आयात शुल्क भी हटा दिया है। इससे भारत का टैरिफ अब अन्य चीन-पाकिस्तान समेत कई देशों के मुकाबले कम हो गया है।

टैरिफ

50 प्रतिशत टैरिफ से सीधे 18 प्रतिशत, इन देशों की अर्थव्यस्थाओं पर बढ़त

पहले भारत उच्चतम टैरिफ दर वाले देशों में शुमार था, जिस पर अमेरिका ने 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया था। अब भारतीय सामानों के आयात पर केवल 18 प्रतिशत टैरिफ लगेगा, जिससे भारत को अपने पड़ोसी देशों पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, चीन और दक्षिण पूर्व एशियाई निर्यात-प्रधान अर्थव्यवस्थाओं पर बढ़त हासिल होगी। इन देशों का टैरिफ भारत के मुकाबले कुछ अधिक 19 से लेकर 34 प्रतिशत है और भारतीय निर्यातकों को वैश्विक बाजारों में इन देशों से एक प्रतिस्पर्धी स्थिति मिलती है।

टैरिफ

निर्यात प्रधान दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों पर हावी होगा भारत

अमेरिका ने पिछले साल चीन पर 34 प्रतिशत, बांग्लादेश पर 20, वियतनाम पर 20, मलेशिया पर 19, कंबोडिया पर 19, थाईलैंड पर 19, पाकिस्तान पर 19, इंडोनेशिया और फिलिपींस पर 19-19 प्रतिशत टैरिफ लगाया था। इनके मुकाबले भारत का टैरिफ अब 18 प्रतिशत है। टैरिफ कम होने से भारत को दक्षिण-पूर्व एशिया की निर्यात-प्रधान अर्थव्यवस्थाओं से बढ़त हासिल होगी। ये तुलना दिखाती है कि भारत की संशोधित दर उसे अमेरिका के प्रमुख सहयोगियों और व्यापारिक साझेदारों के करीब लाती है।

Advertisement

टैरिफ

अब ये देश भारत के मुकाबले कम टैरिफ वाले

ऐसा नहीं है कि भारत पर लगा अमेरिकी टैरिफ सबसे कम है। अभी कई अन्य देश भी हैं, जिन पर अमेरिका ने काफी कम टैरिफ लगाया है। इसमें 27 देशों वाला यूरोपीय संघ (EU) शामिल है, जिस पर 15 प्रतिशत टैरिफ है। इसके अलावा जापान, दक्षिण कोरिया और स्विट्जरलैंड पर 15-15 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया है। यूनाइटेड किंगडम पर 10 प्रतिशत टैरिफ है। बता दें कि भारत ने हाल में EU के साथ व्यापार मुक्त समझौता (FTA) किया है।

Advertisement

समझौता

इन देशों पर सबसे अधिक है टैरिफ

वैश्विक स्तर पर भारत का नया टैरिफ कई बड़े निर्यातक देशों की तुलना में काफी अनुकूल है और जिन देशों से भारत को निर्यात के मामले में टक्कर मिलती है, उनका टैरिफ ज्यादा है। भारत को चीन, वियतनाम, मैक्सिको, बांग्लादेश से ऊर्जा, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, दवाओं समेत अन्य उत्पाद में प्रतियोगिता मिलती है, ऐसे में यहां अधिक टैरिफ से भारत को फायदा होगा। अभी ब्राजील 50 प्रतिशत, दक्षिण अफ्रीका 30, म्यांमार और लाओस 40-40 प्रतिशत टैरिफ के साथ सबसे आगे हैं।

Advertisement