घुसपैठियों की मौत पर बढ़ा विवाद, अब भारत ने पाकिस्तानी राजनयिक को तलब किया
क्या है खबर?
पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा 2 संदिग्ध पाकिस्तानी घुसपैठियों को गोली मारने के बाद पाकिस्तान और भारत में विवाद बढ़ता जा रहा है। अब इस मामले में शनिवार को भारत ने पाकिस्तानी उच्चायोग के शीर्ष राजनयिक को तलब किया और अवैध सीमा पार घुसपैठ को लगातार बढ़ावा देने के खिलाफ विरोध जताया। इससे पहले पाकिस्तान ने भी भारतीय राजनयिक को तलब किया था।
भारत
भारत बोला- चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ते रहे घुसपैठिए
विदेश मंत्रालय ने कहा, "भारत ने पाकिस्तानी पक्ष को सूचित किया कि 3 व्यक्तियों ने भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की थी और बार-बार चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ते रहे। भारतीय सेना को उनसे तत्काल सुरक्षा खतरा उत्पन्न होने के कारण मुठभेड़ के लिए विवश होना पड़ा। यह घटना पाकिस्तान से संचालित होने वाले सशस्त्र मादक पदार्थों के गिरोहों द्वारा बार-बार सीमा पार आवाजाही के स्पष्ट पैटर्न को उजागर करती है।"
घटना
क्या है घुसपैठियों के मारे जाने का मामला?
2 अक्टूबर की दोपहर पंजाब के तरनतारन में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर BSF ने 2 घुसपैठियों को मार गिराया था।
तरनतारन के DSP भिखीविंड अतुल सोनी के अनुसार, 3 संदिग्ध व्यक्ति पाकिस्तानी सीमा से भारत की ओर बढ़ रहे थे। उनमें से एक पाकिस्तान की तरफ लौट गया, जबकि 2 लगातार चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ते रहे। इसके बाद BSF ने गोली चलाई, जिसमें दोनों की मौत हो गई।
पाकिस्तान ने दावा किया था के वे आम नागरिक थे।