पाकिस्तान के 'प्रायोजित आतंकवाद' आरोपों पर भारत का जवाब, कहा- मनगढ़ंत कहानियों से सच्चाई नहीं बदलती
क्या है खबर?
भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को उन आरोपों को खारिज कर दिया है, जिसमें उसने अफगानिस्तान के हमलों को भारत समर्थित 'प्रायोजित आतंकवाद' बताया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तानी आरोपों को बेबुनियाद बताया और इस्लामाबाद पर अपने कार्यों के लिए दूसरों पर दोष डालने का आरोप लगाया। प्रवक्ता ने कहा कि मनगढ़ंत कहानियों से कभी सच्चाई को नहीं बदला जा सकता है।
आरोप
मंत्रालय के प्रवक्ता ने क्या कहा?
प्रवक्ता ने कहा, "हम ऐसे निराधार आरोपों को खारिज करते हैं। अपनी गलतियों के लिए भारत को दोषी ठहराना पाकिस्तान के लिए एक आदत सी बन गई है। पाकिस्तान दशकों से आतंकवाद को प्रायोजित करने वाला देश है, पाकिस्तान की सीमा पार आतंकवाद के मामले में विश्वसनीयता शून्य है। कोई भी मनगढ़ंत कहानी इस वास्तविकता को नहीं बदल सकती, और न ही कोई पाकिस्तान के कथित पीड़ित होने के दावों से मूर्ख बन सकता है।"
दावा
पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने ठहराया था भारत को जिम्मेदार
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हाल में पाकिस्तानी संसद में नई दिल्ली पर 'ऑपरेशन सिंदूर' की तरह एक और हमले की तैयारी करने का आरोप लगाते हुए बातचीत का आग्रह किया था। साथ ही, उन्होंने पाकिस्तान पर अफगानिस्तान के हमलों और तनाव के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया था। बता दें, पाकिस्तान ने पूर्वी अफगानिस्तान में हवाई हमले कर तालिबानी आतंकियों के शिविरों को निशाना बनाने की बात कही थी, जिसके बाद अफगानिस्तान ने जवाबी हमला किया था।