UNSC में भारत बोला- पाकिस्तान पड़ोसियों से संघर्ष बंद करे, ये उन्हें ही नुकसान पहुंचा रहा
क्या है खबर?
भारत ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में पाकिस्तान को फटकार लगाई है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत परवतानेनी हरीश ने इस्लामाबाद को आईना दिखाते हुए कहा कि उनकी सेना का हस्तक्षेप देश को बर्बाद कर रहा है। भारत ने कहा कि पाकिस्तानी सेना देश की प्राकृतिक संपदा का इस्तेमाल जनता की भलाई के बजाय अपने फायदे के लिए कर रही है और इन पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए राजनीतिक उथल-पुथल पैदा कर रही है।
बयान
भारत बोला- सेना संसाधनों का इस्तेमाल अपने फायदे के लिए कर रही
भारतीय राजदूत ने कहा, "पिछले साल सितंबर में पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर विदेशी नेताओं को खनिज पत्थरों से भरा डिब्बा दिखा रहे थे। यह प्राकृतिक संसाधनों के दोहन में पाकिस्तानी सेना की सीधी भूमिका का संकेत है। पाकिस्तान के लोगों का भला तभी होगा, जब वहां के असली शासक यानी सेना देश के संसाधनों का इस्तेमाल जनता के हित में करेंगे, न कि अपना फायदा बढ़ाने के लिए।"
सिंधु संधि
भारत ने सिंधु जल संधि को लेकर भी पाकिस्तान को घेरा
लाइबेरिया द्वारा 'प्राकृतिक संसाधनों और संघर्ष' विषय पर बुलाई गई बैठक में राजदूत हरीश ने पाकिस्तान द्वारा सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाए जाने पर कड़ा जवाब दिया।
उन्होंने कहा, "हमारा इरादा इस मंच पर अन्य मुद्दों को लाने का नहीं था, लेकिन पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल ने चर्चा का इस्तेमाल प्रोपेगैंडा फैलाने के लिए किया, इसलिए हमें जवाब देना पड़ रहा है। सिंधु जल संधि पर हमारा रुख स्पष्ट और स्थिर है, जिसे हमने कई मंचों पर पहले भी रखा है।"
बड़ी बातें
भारत के बयान की बड़ी बातें
पाकिस्तानी सेना पड़ोसी देशों के साथ टकराव बंद कर दे, तो यह उनके लिए ही अच्छा होगा; क्योंकि यह टकराव अब उन्हें नुकसान पहुंचा रहा है।
अगर पाकिस्तान में लोकतांत्रिक शासन होता तो ऐसा नहीं होता जैसा हुआ है। जनता सुखी रहती और एक प्रांत में गलत तरीके से आपातकाल न लगाया जाता।
भारत ने किम्बर्ली प्रोसेस के प्रति भी प्रतिबद्धता दोहराई, जिसका उद्देश्य संघर्षों को वित्तपोषित करने के लिए इस्तेमाल होने वाले हीरों के अवैध व्यापार को रोकना है।
खनिज पदार्थ
मुनीर ने राष्ट्रपति ट्रंप को दिया था खनिज पदार्थों से भरा बक्सा
पिछले साल सितंबर में पाकिस्तानी सेना प्रमुख मुनीर अमेरिका के दौरे पर थे। उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी।
इसके बाद व्हाइट हाउस ने एक तस्वीर जारी की थी, जिसमें मुनीर ट्रंप को दुर्लभ खनिजों से भरा डिब्बा देते दिखे थे। वे अमेरिका से निवेश हासिल करने के लिए अपने प्राकृतिक खनिज भंडार को ट्रंप के सामने प्रदर्शित कर रहे थे।