Loading...
भारत ने बनाया बर्ड फ्लू का पहला स्वदेशी टीका, 20 नवंबर को राष्ट्र को होगा समर्पित
भोपाल स्थित ICAR-NIHSAD ने भारत में बर्ड फ्लू का पहला स्वदेशी टीका तैयार किया है

भारत ने बनाया बर्ड फ्लू का पहला स्वदेशी टीका, 20 नवंबर को राष्ट्र को होगा समर्पित

लेखन आबिद खान
Nov 18, 2026
11:19 am

क्या है खबर?

भारत ने बर्ड फ्लू का पहला स्वदेशी टीका तैयार कर लिया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) ने यह टीका तैयार किया है। बताया जा रहा है कि एक बार ये टीका लगाने से मुर्गियों को 6 महीने तक सुरक्षा मिलेगी। इसे पोल्ट्री उद्योग के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है।

टीका

परीक्षण में सामने आए शानदार परिणाम

यह टीका मुर्गियों को H5N1 क्लैड 2.3.2.1a से बचाने के लिए बनाया गया है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से पोल्ट्री फार्मों में मुर्गियों के टीकाकरण के लिए किया जाएगा।

यह एक निष्क्रिय टीका है। परीक्षणों के दौरान अंडा देने वाली और प्रजनन वाली मुर्गियों में इसके अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं।

अब तक भारत में इस वायरस स्ट्रेन के खिलाफ व्यावसायिक उपयोग के लिए स्वदेशी टीका उपलब्ध नहीं था।

अहमियत

करोड़ों के नुकसान से बचेगा पोल्ट्री उद्योग

H5N1 वायरस मुर्गियों के लिए बेहद खतरनाक है। इससे पोल्ट्री फार्म में सभी मुर्गियों की मौत हो सकती है। वायरस को फैलने से रोकने के लिए सभी मुर्गियों को मारना भी पड़ता है। इससे पोल्ट्री कारोबारियों को आर्थिक नुकसान होता है।

भारत में 2006 में पहली बार बर्ड फ्लू के मामले सामने आए थे। इसके बाद नियमित अंतराल पर ये संक्रमण फैलता रहता है।

शुरुआती प्रकोप के दौरान ही पोल्ट्री उद्योग को करीब 3,000 करोड़ रुपये नुकसान का अनुमान था।

ADVERTISEMENT

हालिया मामले

बर्ड फ्लू संक्रमण के हालिया मामले

इसी महीने तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई थी। प्रभावित इलाके में 13 नवंबर तक 35,000 से ज्यादा पक्षी मारे गए थे।

अधिकारियों ने प्रभावित जगह के एक किलोमीटर के दायरे में 40,000 मुर्गियों को मारा था।

अक्टूबर में आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में बर्ड फ्लू फैला था। इसके बाद राज्य सरकार ने इंफेक्टेड और सर्विलांस जोन घोषित कर मुर्गियों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी।

ADVERTISEMENT

बर्ड फ्लू

क्या होता है बर्ड फ्लू?

बर्ड फ्लू एक संक्रामक इन्फ्लूएंजा है, जो पक्षियों में फैलता है। दुर्लभ मामलों में यह मनुष्यों को भी प्रभावित कर सकता है।

ये आमतौर पर 5 तरह के वायरस से फैलता है। इन्हें H7N3, H7N7, H7H9, H9N2 और H5N1 कहा जाता है। इनमें सबसे खतरनाक H5N1 को माना जाता है।

आमतौर पर यह समुद्री पक्षियों, मुर्गी, बतख और हंस जैसे पक्षियों को ज्यादा प्रभावित करता है और एक पक्षी से दूसरे पक्षी में फैलता है।

ADVERTISEMENT