
गुरूग्राम में बनेगा भारत का पहला डिज्नीलैंड जैसा थीम पार्क, 500 एकड़ में फैला होगा
क्या है खबर?
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मानेसर (गुरुग्राम) में देश का पहला डिज्नीलैंड-जैसा थीम पार्क बनाने की बड़ी घोषणा की है। यह पार्क 500 एकड़ में बड़े स्तर पर बनाया जाएगा और इसकी लोकेशन दिल्ली से सटी हुई होगी। यह प्रोजेक्ट कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे और हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर के पास विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र को पेरिस, टोक्यो जैसे इंटरनेशनल टूरिस्ट डेस्टिनेशन की तरह विश्व स्तर पर प्रसिद्ध बनाना है।
जगह
पार्क की खास जगह और फायदा
इस थीम पार्क को KMP एक्सप्रेसवे और हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर के पास बनाने कि योजना है, जिससे यहां तक जाना लोगों के लिए आसान होगा। गुरुग्राम के कॉर्पोरेट हब और 1,000 एकड़ के ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट के पास होने से बाजार की बड़ी संभावनाएं हैं। इस परियोजना से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। हरियाणा सरकार का मानना है कि यह योजना राज्य की छवि बदल सकती है।
विवाद
पुराने विवाद और नया रुख
इस घोषणा से 1989 की योजना की यादें ताजा हो गई हैं, जब 28,000 एकड़ में ऐसा ही पार्क बनाने की कोशिश किसानों के विरोध के कारण रद्द करनी पड़ी थी। इस बार भाजपा नेताओं ने कहा है कि यह योजना 500 एकड़ तक सीमित है और इसमें किसानों के अधिकारों का सम्मान किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि यह योजना मजबूरी में नहीं बल्कि सोच-समझकर बनाई गई है और इसका लाभ सभी को मिलेगा।
लाभ
संस्कृति और पर्यटन को भी बढ़ावा
इस थीम पार्क के साथ-साथ हरियाणा सरकार पर्यटन के साथ संस्कृति को भी बढ़ावा देने की योजना बना रही है। सूरजकुंड मेले को अब दिवाली मेले और पुस्तक मेले तक बढ़ाया जाएगा। वहीं, कुरुक्षेत्र के गीता महोत्सव को और भव्य बनाने के लिए केंद्र से सहयोग मांगा गया है। जानकारों का मानना है कि परंपरा और आधुनिकता का यह मेल हरियाणा को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नक्शे पर मजबूती से खड़ा कर सकता है।