कोरोना: देश में बीते दिन मिले 16,135 नए मरीज, 24 लोगों की मौत
क्या है खबर?
भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 16,135 नए मामले सामने आए हैं और 24 लोगों की मौत हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,35,18,564 हो गई है। इनमें से 5,25,223 मरीजों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,13,864 हो गई है।
इससे एक दिन पहले देश में 16,103 नए मामले सामने आए थे। विशेषज्ञों ने देश में महामारी की छोटी लहर की शुरूआत की आशंका जताई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए करीब 14,000 मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 13,958 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 4,28,79,477 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.54 प्रतिशत है।
कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 3,32,978 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 86.40 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना संक्रमण
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 79,85,296 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,47,940 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में 66,53,272 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 70,048 मरीजों की मौत हुई है।
39,72,285 मामलों और 40,077 मौतों के साथ कर्नाटक और 34,82,775 मामलों और 38,026 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
कोरोना संकट
इन जगहों पर आ रहे सर्वाधिक मामले
देश के दैनिक मामलों में उछाल महाराष्ट्र, तमिलनाडु और केरल में संक्रमण में वृद्धि के कारण देखा जा रहा है।
महाराष्ट्र में दैनिक मामलों की तेजी कम हुई है। बीते दिन यहां 2,962 नए मामले सामने आए और छह मरीजों की मौत हुई।
इसी तरह तमिलनाडु में बीते दिन 2,672 नए मामले पकड़ में आए, वहीं केरल में 3,322 नए लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। कर्नाटक 826 नए मामले सामने आए।
जानकारी
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक वैक्सीन की 1,97,98,21,197 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 1,78,383 खुराकें लगाई गईं। देश में 12 साल से अधिक उम्र के बच्चों और वयस्कों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 54.91 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 54.91 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 63.39 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 8.78 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 10.18 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में लगभग 3.24 करोड़ संक्रमितों में से 6.72 लाख मरीजों की मौत हुई है।