
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 42,640 नए मामले, तीन महीने में सबसे कम
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 42,640 नए मामले सामने आए और 1,167 मरीजों की मौत हुई। ये पिछले तीन महीने यानि 23 मार्च के बाद देश में सामने आए सबसे कम दैनिक मामले हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,99,77,861 हो गई है। इनमें से 3,89,302 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या कम होकर 6,62,521 रह गई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए लगभग 82,000 मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 81,839 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 2,89,26,038 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 96.49 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 16,64,360 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 39.41 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 59,79,051 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,18,313 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 28,16,893 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 12,154 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 28,11,320 मामलों और 34,025 मौतों के साथ कर्नाटक और 24,29,924 मामलों और 31,386 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 6,270 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 94 मरीजों की मौत हुई। राज्य में कई महीने बाद 100 से कम मौतें हुई हैं।
इसी तरह केरल में 7,499 लोगों को संक्रमित पाया गया और 94 मरीजों की मौत हुई, वहीं कर्नाटक में 4,867 मामले सामने आए और 142 मौतें हुईं।
तमिलनाडु में 7,427 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 189 को अपनी जान गंवानी पड़ी।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 28,87,66,201 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 86,16,373 खुराकें लगाई गईं जो अब तक एक दिन में सबसे अधिक हैं।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 17.87 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 17.87 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 38.70 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.36 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 6.02 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
वहीं तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 1.79 करोड़ संक्रमितों में से 5.02 लाख मरीजों की मौत हुई है।