भारत-नेपाल में डिजिटल क्रांति: UPI-NPI जुड़ा, अब सीमा पार पैसा भेजना हुआ चुटकियों का काम
भारत और नेपाल ने मिलकर एक नई व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत भारत के UPI और नेपाल के NPI को आपस में जोड़ दिया गया है। अब दोनों देशों के बीच पैसे भेजना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है।
दिल्ली में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और नेपाल के शिशिर खनाल के बीच हुई बातचीत के बाद इस बात का ऐलान किया गया। यह खबर उन परिवारों के लिए बेहद अच्छी है जिनके सदस्य सीमा पार रहते या काम करते हैं। साथ ही, विदेश में पढ़ाई कर रहे छात्रों और दोनों देशों के बीच व्यापार करने वालों को भी इससे बड़ा फायदा मिलेगा।
नेपाल के लिए ट्रांसलेशन प्लेटफॉर्म बनाने हुआ समझौता
इस दौरान एक अहम समझौता ज्ञापन पर भी दस्तखत हुए। इसका मकसद नेपाल के लिए एक भाषा अनुवाद प्लेटफॉर्म तैयार करना है। इससे वहां के लोगों के लिए डिजिटल उपकरणों और सुविधाओं का इस्तेमाल करना और आसान हो जाएगा। भारत ने 2015 के भूकंप के बाद दोबारा बनाए गए 72 स्वास्थ्य केंद्रों और 12 सांस्कृतिक विरासत से जुड़े प्रोजेक्ट को भी नेपाल को सौंपा। यह भारत की तरफ से नेपाल को लगातार मिल रहे सहयोग का ही एक हिस्सा है। इसके अलावा, सीमा पार होने वाले अपराधों से निपटने के लिए दोनों देशों ने कानूनी सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई। यह सभी कदम दोनों पड़ोसी देशों के बीच रिश्तों को और गहरा करने के साथ-साथ कई नई सहूलियतें भी लाएंगे।