अगले साल भारत को मिल सकती है अपनी डेंगू की वैक्सीन 'डेंगीऑल'
स्वास्थ्य के मोर्चे पर एक बड़ी खबर सामने आई है। भारत को 2027 के अंत तक अपनी खुद की डेंगू वैक्सीन 'डेंगीऑल' मिल सकती है। इस वैक्सीन को पैनासिया बायोटेक और ICMR ने मिलकर तैयार किया है। यह वैक्सीन डेंगू वायरस के चारों प्रकारों से सुरक्षा देगी। भारत जैसे देश के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां डेंगू एक गंभीर चिंता का विषय है।
डेंगीऑल का तीसरा चरण: 13,000 वॉलंटियर पर ट्रायल
अभी 'डेंगीऑल' का तीसरे चरण का ट्रायल चल रहा है। इसमें देश भर के 20 सेंटरों पर 13,000 से अधिक वॉलंटियर शामिल हैं।
अगर इन परीक्षणों में यह वैक्सीन सुरक्षित और असरदार पाई जाती है, खासकर अगर इसे सिंगल-डोज के तौर पर दिया जा सके, तो टीकाकरण का काम काफी सरल हो सकता है।
इन ट्रायलों के नतीजे 2027 के अंत तक सामने आ सकते हैं। इन्हीं नतीजों से तय होगा कि क्या यह बेहद ज़रूरी वैक्सीन आगे नियामक समीक्षा के लिए जा सकेगी और भारत में इसे मंजूरी मिल पाएगी या नहीं।