भारतीय नौसेना में शामिल होगा स्वदेशी बेड़ा सहायक जहाज 'सूर्य', समुद्र में बढ़ेगी भारत की ताकत
भारत ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में अपना पहला स्वदेशी बेड़ा सहायक जहाज 'सूर्य' लॉन्च किया है। भारतीय नौसेना के लिए यह एक बहुत बड़ा कदम है। 'सूर्य' उस 19,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिससे भारतीय नौसेना के जहाज लंबे समय तक और दूर तक समुद्र में रह सकेंगे। यह ऐसे 5 नए जहाजों में से पहला है जो नौसेना के मिशनों को लगातार मजबूत रखने में मदद करेगा।
'सूर्य' नौसेना के जहाजों में भरेगा ईंधन
भारत का पहला स्वदेशी बेड़ा सहायक जहाज 'सूर्य' बहुत बड़ा है। इसकी लंबाई लगभग 225 मीटर है। इसे समंदर के बीच में ही दूसरे नौसेना के जहाजों में ईंधन भरने और उन्हें सामान पहुंचाने के लिए बनाया गया है। इससे जहाजों को बार-बार बंदरगाह पर वापस नहीं आना पड़ेगा। पहला जहाज अगले साल तक तैयार हो जाएगा। इसके बाद हर 10 महीने में ऐसे और जहाज तैयार किए जाएंगे। हिंदुस्तान शिपयार्ड में भी बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। यहाँ एक बड़ा स्लिपवे और नई क्रेन लगाई जा रही है। इन सुविधाओं के साथ, भारत भविष्य में और भी बड़े जहाज बनाने की तैयारी कर रहा है।