भारत ने नेपाल के रास्ते सैन्य विमान को इजाजत देने का कोई प्रस्ताव नहीं दिया- रिपोर्ट
क्या है खबर?
भारत ने नेपाल के बागडोगरा प्रवेश बिंदू से सैन्य विमानों के गुजरने की अनुमति मांगने से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा से ठीक पहले दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सरकारी सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि सैन्य विमानों के संबंध में ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं रखा गया है। आइए इस पूरे मामले पर नजर डालते हैं।
प्रकरण
क्या है यह पूरा मामला?
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए सूत्रों ने सैन्य विमानों से जुड़ी खबरों का खंडन किया।
मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि भारत पश्चिम बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे से आने-जाने वाली नागरिक उड्डयन सेवाओं (सिविलियन फ्लाइट्स) के लिए नेपाल के हवाई क्षेत्र का उपयोग करने की मांग कर रहा है, लेकिन इसके साथ सैन्य विमानों को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही थीं।
इस पर सूत्रों ने कहा, "ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।"
दौरा
2 दिवसीय भारत दौरे पर आ रहे हैं बालेन
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन रविवार को पहली बार 2 दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंच रहे हैं।
यात्रा के दौरान वे सोमवार को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से विभिन्न ऊर्जा संबंधी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
इसके अलावा, दोनों पक्षों के बीच सहयोग के कई क्षेत्रों को कवर करने वाले द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर और आदान-प्रदान भी किया जाएगा।
जानकारी
राजघाट पर भी जाएंगे बालेन
प्रधानमंत्री बालेन राजघाट स्थित महात्मा गांधी समाधि पर जाकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वे वाणिज्यिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित नेपाल-भारत बिजनेस फोरम में भी हिस्सा लेंगे।
ट्रेन
अयोध्या से जनकपुर के बीच चलेगी नई साप्ताहिक ट्रेन
दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ाने के तहत जनकपुर धाम को अयोध्या से जोड़ने वाली एक नई साप्ताहिक ट्रेन शुरू की जा रही है, जो लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
यह ट्रेन बिहार और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिनमें जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा दोनों पड़ोसी देशों के बीच आर्थिक, ऊर्जा और डिजिटल एकीकरण को नई गति प्रदान करेगी।