हवाई सफर पर नए नियम: बीमारी फैलाने पर एक करोड़ जुर्माना, यलो फीवर से संक्रमित देशों से आने पर आइसोलेशन जरूरी
देश में हवाई यात्रा को सुरक्षित बनाने और बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए भारत सरकार ने नए नियम तैयार किए हैं। इन नियमों को 'भारतीय विमानन (जन स्वास्थ्य) नियम 2026' नाम दिया गया है, जो 1954 के पुराने कानूनों की जगह लेंगे।
सरकार ने इन नियमों को लागू करने से पहले जनता और सभी संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे हैं। इन नए नियमों का सीधा मकसद है हवाई सफर के जरिए एक देश से दूसरे देश में बीमारियों को फैलने से रोकना।
इसके लिए, विमानों के जमीन पर उतरने से पहले उनमें कीटनाशक का छिड़काव करना जरूरी होगा, साथ ही एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों को ऐसे जीवों से मुक्त रखना होगा जिनसे बीमारियां फैल सकती हैं।
अगर कोई एयरलाइन कंपनी इन नियमों का पालन नहीं करती है, तो उसे 1 करोड़ रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है। वहीं, एयरपोर्ट चलाने वालों पर 25 लाख रुपये तक का जुर्माना लग सकता है। ये नए नियम अभी सुझावों के लिए खुले हैं।
WHO के अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियम के मुताबिक होंगे नए नियम
ये नए नियम विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियम (2005) से पूरी तरह मेल खाते हैं। इनमें बीमारियों की रोकथाम के लिए पहले से ज्यादा सख्त जांच के तरीके शामिल किए गए हैं।
उदाहरण के तौर पर, अगर कोई यात्री किसी ऐसे देश से आया है जहां यलो फीवर फैला है और उसके पास टीकाकरण का प्रमाण पत्र नहीं है, साथ ही वह उस देश से निकलने के 6 दिन के भीतर भारत पहुंचा है, तो उसे 6 दिन तक आइसोलेशन में रखा जा सकता है।
इसके अलावा, एयरपोर्ट पर मौजूद खाने-पीने की जगहों और यात्रियों के सामान की भी जांच की जाएगी ताकि कोई स्वास्थ्य संबंधी खतरा न हो। इन नियमों को तोड़ने पर बहुत भारी जुर्माने और कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।