हरियाणा के रेवाड़ी में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बाणीपुर चौक के पास चने से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक, एक परिवार की कार पर पलट गया।
इस भयानक दुर्घटना में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत हो गई। वहीं, 5 साल का एक बच्चा मामूली चोटों के साथ बच गया। जानकारी के मुताबिक, ट्रक पलटने से पहले एक दूसरी गाड़ी से भी टकराया था।
फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे की खबर मिलते ही बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। क्रेन की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य ने बावल सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान दीपक, सरिता, नितिन और दिव्या के रूप में हुई है। यह परिवार भोलावास गांव से दिल्ली की तरफ जा रहा था, तभी वे इस दुखद हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस अब उस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है, जो दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया था। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो चुकी है।