तेलंगाना में बेकाबू बस ने कार को रौंदा, 4 की दर्दनाक मौत
देश
रविवार को तेलंगाना के नालगोंडा जिले में एक भयानक सड़क हादसा हो गया। चियाल मंडल के पेड्डाकापार्थी में एक तेज रफ्तार बस ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार में सवार 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, कार का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस के कुछ यात्रियों को भी चोटें आईं।
क्या हादसे के पीछे डायवर्जन जिम्मेदार?
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। जानकारी के मुताबिक, घटनास्थल पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके चलते यातायात को एकतरफा रास्ते पर मोड़ दिया गया था। इसे भी हादसे की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को नालगोंडा एरिया अस्पताल पहुंचाया और उन्हें चिकित्सीय सहायता मुहैया कराई। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।