हैदराबाद: 10 रुपये खुल्ले को लेकर ऑटो ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या
हैदराबाद में एक ऑटो ड्राइवर मोहम्मद मुकर्रम की 10 रुपये के खुल्ले पैसों को लेकर हुए झगड़े में जान चली गई। यह घटना राजेंद्रनगर पुलिस स्टेशन के वट्टापल्ली इलाके में हुई।
अजीम नाम के शख्स ने मोहम्मद को किराए के तौर पर 200 रुपये का नोट दिया था और बचे हुए पैसे मांगे। इसी बात पर उनकी बहस हो गई। अजीम खुद को एक न्युज रिपोर्टर बताता है। ये बहस इतनी बढ़ गई कि बात हाथापाई तक आ पहुंची और दोनों में खूब झड़गा हुआ।
चश्मदीदों ने बताया कि इस झगड़े के बाद अजीम ने अपने कुछ दोस्तों को बुला लिया। इसके बाद सबने मिलकर दिनदहाड़े मोहम्मद पर हमला कर दिया।
विधायक मोहम्मद मुबीन का अजीम के गुट पर आरोप
घटना की खबर मिलने पर स्थानीय विधायक मोहम्मद मुबीन मौके पर पहुंचे। उन्होंने अजीम के गुट पर हमले का आरोप लगाया। विधायक ने मोहम्मद के परिवार को भरोसा दिया कि उन्हें इंसाफ दिलाने तक अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
विधायक मुबीन ने लोगों से अपील की कि वे शांति बनाए रखें और कानून को अपने हाथ में न लें। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेगी।