फरीदाबाद: पार्किंग विवाद में पड़ोसी ने शख्स की हत्या की, भतीजे की शादी में शामिल होने सिंगापुर से आए थे
देश
फरीदाबाद में एक पारिवारिक जश्न मातम में बदल गया। सिंगापुर से अपने भतीजे की शादी में शामिल होने फरीदाबाद लौटे परमजीत धनखड़ को उनके पड़ोसी मोहन शर्मा ने गोली मार दी।
यह घटना धनतेरस की रात पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। बताया जा रहा है कि मोहन ने परमजीत पर कई गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गया।
पुलिस मोहन शर्मा की तलाश में जुटी
दोनों पड़ोसियों के बीच यह पहली झड़प नहीं थी। उनके बीच काफी समय से विवाद चल रहा था, यहां तक कि पहले एक कुत्ते को लेकर भी झगड़ा हुआ था।
घटना के बाद मोहन अपने परिवार के साथ फरार हो गया है। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। जांचकर्ताओं ने मौके से सबूत जुटाए हैं। मामले की आगे की जांच के तहत पोस्टमॉर्टम भी कराया जाएगा।