चेन्नई में ड्रग्स का एक बड़ा जखीरा पकड़ा गया है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने माधवराम में एक आइस फैक्टरी पर छापा मारा। इस दौरान एक गाड़ी के रेफ्रिजरेशन यूनिट से 70 किलो से ज्यादा हेरोइन जब्त की गई।
पकड़ी गई हेरोइन की कीमत करीब 700 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह नशीला पदार्थ एक रेफ्रिजेरेटेड गाड़ी के अंदर छिपाकर रखा गया था। DRI की इस कार्रवाई में तमिलनाडु के अब्दुल शकूर और शफीक अहमद नाम के 2 शख्स गिरफ्तार किए गए हैं।
आरोपी न्यायिक हिरासत में
जांच अधिकारी अब इस बात का पता लगा रहे हैं कि ये ड्रग्स कहां से आई थी और इस रैकेट में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों ने बताया है कि वे किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर काम कर रहे थे।
DRI अब इस पूरे इलाके में ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क की कमर तोड़ने में जुटी है। इसी सिलसिले में दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।