बेंगलुरु में अब एक कॉल पर मदद, हेल्पलाइन 'नम्मा 112' समझेगी 16 भाषाएं
बेंगलुरु को इमरजेंसी सेवाओं के लिए एक बड़ा तकनीकी अपग्रेड मिला है। शहर में अब 'नम्मा 112' नाम की एक नई हेल्पलाइन शुरू हुई है, जो पुलिस, दमकल विभाग और एम्बुलेंस जैसी सभी सेवाओं के लिए एक ही नंबर पर मदद देती है। यह पूरी हेल्पलाइन वांकी नाम के एक अर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट से चलती है। यह AI 16 भाषाओं को समझता है और उनका अनुवाद भी करता है, जिनमें कन्नड़, हिंदी, फ्रेंच और अरबी जैसी भाषाएं शामिल हैं। इससे किसी भी व्यक्ति को मदद मांगते समय भाषा की कोई परेशानी नहीं होगी।
पुलिस कमिश्नर ने कही ये बात
'नम्मा 112' को बेंगलुरु की अलग-अलग पृष्ठभूमि वाली आबादी को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। चाहे आप यहां के स्थानीय निवासी हों, दूसरे राज्य से आए प्रवासी हों या कोई विदेशी नागरिक, सभी अपनी पसंद की भाषा में सहायता पा सकते हैं। बेंगलुरु सिटी के पुलिस कमिश्नर सीमान्त कुमार सिंह, IPS ने इस बारे में कहा, "नम्मा 112 यह सुनिश्चित करेगा कि बेंगलुरु का हर व्यक्ति बिना किसी बाधा के इमरजेंसी सेवाओं तक आसानी से पहुंच सके।"
बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस भी कर रही AI का इस्तेमाल
इसके अलावा, बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस एस्ट्राम नाम के एक AI प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल करती है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या को कंट्रोल किया जा सके। यह प्लेटफॉर्म शहर में लगे कैमरों और सेंसर से मिलने वाले रीयल-टाइम डाटा का इस्तेमाल करता है। इसे डच विशेषज्ञों की मदद से विकसित किया गया है। यह AI इमरजेंसी गाड़ियों के लिए रास्ता साफ करता है और पूरे शहर में ट्रैफिक को सुचारु बनाने में अहम भूमिका निभाता है।