उत्तर प्रदेश: बदायूं में निर्माण कार्य के दौरान गिरी छत, 2 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के नासिरपुर गांव में निर्माण कार्य के दौरान रविवार की देर रात एक छत ढह गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और मकान मालिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में अवनीश, चंद्रभान और मकान मालिक दलवीर मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन अवनीश की मौके पर ही मौत हो गई। चंद्रभान ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं दलवीर अभी भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
छत गिरने की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि आखिर छत कैसे गिरी। सोमवार को अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इसके साथ ही मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम भी कराया जा रहा है। इस हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि वे पीड़ितों की मदद और हालात को संभालने के लिए हर ज़रूरी कदम उठा रहे हैं।