दिल्ली में मौसम का यलो अलर्ट: 60 किलोमीटर प्रति घंटे की आंधी-बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत?
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली को अब गर्मी से थोड़ी राहत मिलने वाली है। अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने 1 और 2 जून के लिए यलो अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान बारिश के साथ बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। हफ्ते के बीच में भी बारिश होने की उम्मीद है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और यह सिलसिला 6 जून तक बना रह सकता है।
AQI 91, तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस
सोमवार को ज्यादा से ज्यादा तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, हालांकि हफ्ते के बीच तक इसमें थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। रात का कम से कम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। पिछले हफ्ते हुई बारिश के कारण दिल्ली की हवा की क्वालिटी में काफी सुधार देखने को मिला है। आज सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 91 दर्ज किया गया। यह लगातार दूसरा दिन है जब दिल्ली की हवा अच्छी बनी हुई है।