मानसून के दिल्ली की ओर बढ़ने के बाद भी नहीं हो रही बारिश, IMD ने बताया कारण
देश
दक्षिण-पश्चिम मानसून अब दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन अभी तत्काल बारिश की उम्मीद नहीं है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि मानसून के पहुंच जाने भर से ही बारिश नहीं होने लगेगी। इसके लिए हवा के बहाव और नमी का सही तालमेल होना जरूरी है।
IMD ने बताया बारिश में देरी का कारण
IMD के मुताबिक, इस समय बारिश की कमी की असली वजह बंगाल की खाड़ी में बने कमजोर लो-प्रेशर सिस्टम हैं। दरअसल, ये सिस्टम ही उत्तर भारत तक नमी खींचकर लाते हैं, लेकिन इस बार इनके कमजोर रहने से अभी सिर्फ इक्का-दुक्का जगहों पर हल्की फुहारें पड़ रही हैं और उमस काफी बढ़ी हुई है। अच्छी खबर यह है कि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि नए उष्णकटिबंधीय सिस्टम बनने पर जुलाई की शुरुआत में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।