3 नवंबर को आंध्र प्रदेश से टकरा सकता है चक्रवात 'मुरासु', ओडिशा में भी अलर्ट
क्या है खबर?
पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव का क्षेत्र अब चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसे 'मुरासु' नाम दिया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इसके 3 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है। IMD का कहना है कि ये कल पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है और 3 नवंबर की सुबह दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट को पार कर सकता है।
तूफान
100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
IMD ने बताया कि तूफान आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और नरसपुर के बीच तट से टकरा सकता है। इस दौरान यहां 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
IMD ने तूफान की स्थिति के बारे में बताते हुए कहा कि निम्न दबाव वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है और पिछले 3 घंटों में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है।
ओडिशा
ओडिशा के लिए चेतावनी जारी
IMD ने मछुआरों को 2 नवंबर की शाम से 4 नवंबर की दोपहर तक उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और दक्षिणी ओडिशा तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
IMD निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि अगले 24 घंटों में कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। साथ ही गरज, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
ओडिशा के दक्षिणी जिलों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।