केरल के 6 जिलों में IMD का 'ऑरेंज अलर्ट', भारी बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने केरल के पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम और त्रिशूर जिलों में भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान, इन इलाकों में 115.6 से 204.4 मिलीमीटर तक बहुत तेज बारिश होने की आशंका है।
इसके साथ ही, कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लोगों को सलाह दी गई है कि अगर बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें।
केरल के मुख्यमंत्री ने हर घंटे मौसम की जानकारी लेने का आदेश दिया
कोल्लम, पालक्काड़ और कन्नूर जैसे कुछ और जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट है। मुख्यमंत्री वीडी सतीसन ने मौसम विभाग से हर घंटे मौसम की जानकारी लेने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, सभी जिलाधिकारियों को भी आदेश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने इलाकों में हालात का जायजा लें और जरूरी कदम उठाएं। इसमें लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाना (इवैकुएशन) भी शामिल है।
ये निर्देश ऐसे समय में आए हैं जब केरल रविवार शाम हुए भूस्खलन और मलप्पुरम जिले के नीलांबुर में कोट्टापुझा नदी में आई अचानक बाढ़ से अभी उबरने की कोशिश कर रहा है। उस घटना में 7 लोग पानी में बह गए थे, जो अभी भी लापता है और एक व्यक्ति की मौत हुई है।