पूर्वी तट पर मंडराया तूफान का खतरा, IMD ने जारी किया अलर्ट
बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बना है, जिसके बाद मौसम विभाग अलर्ट पर आ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि इस मौसमी सिस्टम की वजह से पूर्वी तटीय इलाकों में, खासकर पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है।
यह स्थिति 24 अगस्त तक बनी रह सकती है। इस दौरान तूफानी मौसम रहने और समुद्र में लहरों के काफी ऊंची उठने की आशंका है। इसकी शुरुआत रविवार सुबह पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास बने एक चक्रवाती परिसंचरण से हुई थी।
तटीय इलाकों में 40-50 किमी प्रति घंटे की हवाएं
IMD ने चेतावनी दी है कि प्रभावित तटीय समुद्री इलाकों में तूफानी मौसम रहेगा। इस दौरान हवाएं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी, जो बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी जा सकती है।
फिलहाल, समुद्र में मछली पकड़ने पर मनाही है, क्योंकि यहां समुद्र की स्थिति खराब से लेकर बेहद खतरनाक हो सकती है। स्थानीय बंदरगाहों और आपदा टीमों को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। सभी लोग हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।