IMD ने दिल्ली के लिए जारी की बारिश और तूफान की चेतावनी, क्या गर्मी से मिलेगी राहत?
दिल्ली के लिए अच्छी खबर है! भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को राजधानी के कुछ इलाकों में मध्यम से तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत आस-पास के इलाकों में भी ऐसे ही मौसम का अनुमान है।
दिल्ली में 6-8 जुलाई तक तेज होगी बारिश
अभी बारिश हल्की शुरू होगी, लेकिन 6 से 8 जुलाई के दौरान इसमें तेजी आएगी। दिल्लीवालों को जल्द ही अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। कई दिनों से पड़ रही चिपचिपी गर्मी से लोगों को अब राहत मिलेगी। रविवार को भी न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मध्य प्रदेश के ऊपर बनी चक्रवाती गतिविधि और ओडिशा में कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मानसून थोड़ा कमजोर पड़ गया था। हालांकि, अब 5 जुलाई से फिर से सामान्य बारिश का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है।