भारत का मौसम बदला, बीते 70 साल में उत्तर भारत में सूखा बढ़ा, दक्षिण में ज्यादा बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और पुणे के भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के शोधकर्ताओं ने एक नया अध्ययन किया है। इस अध्ययन से पता चला है कि पिछले 70 सालों (1951-2020) में उत्तर भारत काफी गर्म और सूखा हो गया है।
यहां का मौसम अब पहले की तरह शीतोष्ण (टेम्परेट) नहीं रहा, बल्कि यह शुष्क स्टेपी में बदल गया है। मौसम के इस बदलाव ने मराठवाड़ा जैसे इलाकों में लोगों की जिंदगी और मुश्किल कर दी है, जहां सूखे और किसानों की आत्महत्याएं पहले से ही एक बड़ी समस्या है।
कुछ इलाके सूखे, कुछ नम हुए
यह शोध 'मौसम' नाम की पत्रिका में छपा है। इसमें सामने आया कि जहां उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी भारत 1950 के दशक (1951-2020 के आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार) से करीब 7 प्रतिशत ज्यादा सूखे हो गए हैं।
वहीं प्रायद्वीपीय भारत के नम इलाके 15 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।
अब दक्षिण भारत का मौसम उष्णकटिबंधीय सवाना (ट्रॉपिकल सवाना) जैसा हो गया है। यह अध्ययन इस बात पर जोर देता है कि इन मौसमी बदलावों से खाद्य सुरक्षा और लोगों की आजीविका पर खतरा पैदा हो सकता है।