ICMR के एक ताजा बड़े सर्वे 'संपदा (SAMPADA)' में यह बात सामने आई है कि प्रजनन आयु वर्ग की 56 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया (खून की कमी) से जूझ रही हैं।
यह स्वास्थ्य समस्या अब भी देश की एक बड़ी आबादी को अपनी चपेट में लिए हुए है।
इस संपदा (SAMPADA) सर्वे ने, जो 2023 से 2025 के दौरान 183 जिलों के 81,000 से ज्यादा घरों तक पहुंचा, यह भी उजागर किया है कि बच्चों और किशोरों में एनीमिया की समस्या कितनी फैली हुई है।
बच्चों और किशोरियों में एनीमिया की गंभीर समस्या
सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि 12 से 59 महीने की उम्र के 42 प्रतिशत बच्चे और लगभग आधी किशोरियां (जो 10 से 19 साल की हैं) एनीमिया से प्रभावित हैं। लडकों और पुरुषों में यह दर काफी कम है, जो लगभग 22 प्रतिशत से 23 प्रतिशत के बीच है। महिलाओं, किशोरियां और बच्चों में एनीमिया के लगभग आधे मामले आयरन की कमी के कारण होते हैं, लेकिन संक्रमण भी इसकी एक वजह है। राहत की बात यह है कि ज्यादातर मामले हल्के हैं। अधिकतर आयु समूहों में, गंभीर एनीमिया से प्रभावित लोगों की संख्या 2 प्रतिशत से भी कम पाई गई।
राजीव बहल को उम्मीद, नतीजों से कार्यक्रमों को मिलेगी मदद
ICMR के डॉ. राजीव बहल जैसे विशेषज्ञ उम्मीद कर रहे हैं कि ये आंकड़े 'एनीमिया मुक्त भारत' जैसे कार्यक्रमों को और बेहतर बनाने में सहायक होंगे। यह कार्यक्रम पूरे भारत में एनीमिया की रोकथाम और उपचार पर केंद्रित है।