Page Loader
उत्तर प्रदेश: नोएडा में पति ने ही क्यों की सुप्रीम कोर्ट की वकील की हत्या?
नोएडा में बंगला बेचने के विवाद में पति ने ली महिला वकील की जान (तस्वीर: पिक्सल)

उत्तर प्रदेश: नोएडा में पति ने ही क्यों की सुप्रीम कोर्ट की वकील की हत्या?

लेखन गजेंद्र
Sep 11, 2023
04:48 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के नोएडा में सुप्रीम कोर्ट की वकील रेनू सिन्हा (61) की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके पति नितिन नाथ सिन्हा को उनके बंगले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी के बीच सेक्टर 30 स्थित बंगला नंबर डी-40 को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी पति नितिन बंगला बेचना चाहते थे, जबकि रेनू इसके खिलाफ थीं। पुलिस ने बताया कि नितिन ने बंगला बेचने के लिए संभावित खरीदार से टोकन राशि भी ली थी।

वारदात

क्या है मामला?

रेनू का शव रविवार को संदिग्ध हालत में बंगले के बाथरूम में खून से लथपथ पड़ा था। मौके से उनके पति गायब थे। रेनू के भाई ने कुछ गड़बड़ी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी थी क्योंकि रेनू का 2 दिन से फोन बंद था। पुलिस ने नितिन का नंबर सर्विलांस पर डाला तो वह घर के अंदर निकला। उसके बाद उन्हें स्टोर से रविवार-सोमवार रात 3ः00 बजे पकड़ा गया। हत्या के बाद से वह स्टोर में थे।

हत्या

बंगले की 5.70 करोड़ रुपये में डील हुई थी फाइनल

आजतक के मुताबिक, नितिन बंगला अंत्येष भंडारी नाम के शख्स को बेचने वाले थे और इसके लिए 5.70 करोड़ रुपये में डील पक्की हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, अंत्येष के साथ उनका बेटा और अन्य लोग बंगले को देखने के लिए भी आए थे। इस दौरान नितिन ने उनको नीचे का हिस्सा दिखा दिया था, जबकि ऊपर का हिस्सा पत्नी के बीमार होने की बात कहकर नहीं दिखाया। नितिन बंगला बेचकर विदेश जाना चाहते थे।