दिल्ली के सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टी का ऐलान, लेकिन इन कक्षाओं की लगेंगी 'खास क्लासें'
दिल्ली के छात्रों के लिए यह जरूरी खबर है। शिक्षा निदेशालय ने बताया है कि सरकारी स्कूलों में 11 मई से 30 जून, 2026 तक गर्मियों की छुट्टियां रहेंगी। हालांकि, 9वीं, 10वीं और 12हवीं के छात्रों के लिए 11 मई से 23 मई तक रिमेडियल क्लासेस लगेंगी, ताकि वे अपनी पढ़ाई के जरूरी कॉन्सेप्ट्स को अच्छे से समझ सकें।
दिल्ली में सुबह की रिमेडियल क्लासेस
ये क्लासेस सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक चलेंगी। 9वीं और 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए मुख्य तौर पर विज्ञान और गणित की पढ़ाई होगी। अगर जरूरत पड़ी, तो दूसरे विषय भी इसमें शामिल किए जा सकते हैं।
वहीं, 12हवीं कक्षा के विषय छात्रों की जरूरतों के हिसाब से तय होंगे। इन क्लासेस में शामिल होने के लिए माता-पिता की अनुमति जरूरी होगी और छात्रों को अपनी यूनिफॉर्म में आना होगा। उनकी हाजिरी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। स्कूल स्वयं अध्ययन (सेल्फ-स्टडी) के लिए लाइब्रेरी खुली रखेंगे और साफ पीने के पानी का पूरा इंतजाम करेंगे। अधिकारी हर दिन इन व्यवस्थाओं की जांच करेंगे ताकि सब कुछ सही ढंग से चलता रहे।