Page Loader
देशभर में होली की धूम: कश्मीर से कन्याकुमारी तक उड़ा गुलाल, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने दी बधाई
देशभर में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है

देशभर में होली की धूम: कश्मीर से कन्याकुमारी तक उड़ा गुलाल, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने दी बधाई

लेखन आबिद खान
Mar 14, 2025
10:53 am

क्या है खबर?

देशभर में आज होली का त्योहार मनाया जा रहा है। कश्मीर से लेकर दिल्ली, मथुरा, काशी और कोलकाता तक लोग एक-दूसरे को गुलाल लगा रहे हैं। इस बार होली का त्योहार रमजान के जुमे के दिन पड़ा है, इसलिए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया है। वहीं, प्रधानमंत्री से लेकर राष्ट्रपति और विपक्षी नेताओं तक ने देशवासियों को होली की बधाई दी है।

खास बातें

देशभर में खास अंदाज में मनाया जा रहा त्योहार

ओडिशा के पुरी में सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने राधा-कृष्ण की तस्वीर के साथ होली की बधाई दी। उत्तर प्रदेश के मथुरा में वृंदावन के प्रेम मंदिर के बाहर भी त्योहार मनाया जा रहा है। मुंबई के धारावी में गौसिया मस्जिद के सामने होलिका दहन किया गया। मुंबई पुलिस ने इसकी तस्वीर साझा की है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाय को गुलाल लगाया। गुजरात के गांधीनगर में 35 फीट ऊंची होली जलाई गई।

बधाई

प्रधानमंत्री-राष्ट्रपति ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, 'आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।' राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लिखा, 'होली के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।'

ट्विटर पोस्ट

मुंबई के जुहू बीच पर होली मनाते लोग

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ढंकी गई मस्जिदें

होली को देखते हुए उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पुलिस हाई अलर्ट पर है। बीते दिनों सांप्रदायिक दंगे का शिकार हुए संभल में सुरक्षा के भारी इंतजाम किए गए हैं। पुलिस जुलूस मार्ग की ड्रोन और कैमरों से निगरानी कर रही है। होली से पहले ही मस्जिदों को तिरपाल से ढंक दिया गया है। बरेली, शाहजहांपुर, अलीगढ़, संभल समेत कई जिलों की मस्जिदों को तिरपाल से ढंका गया है। जुमे की नमाज का समय भी बदला गया है।

विपक्ष

विपक्षी नेताओं ने भी दी होली की बधाई

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने लिखा, 'आप सभी को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्यौहार आपके जीवन में नई उमंग, नए उत्साह और ढेर सारी खुशियां ले कर आए।' प्रियंका गांधी ने लिखा, 'रंग, उमंग, उत्साह, उल्लास, बंधुत्व, बराबरी और मेलजोल के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं।' दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने लिखा, 'सभी को रंगों और खुशियों के त्योहार होली की हार्दिक शुभकामनाएं।'