Page Loader
जम्मू: बदला गया ऐतिहासिक सिटी चौक का नाम, अब बना 'भारत माता चौक'

जम्मू: बदला गया ऐतिहासिक सिटी चौक का नाम, अब बना 'भारत माता चौक'

Mar 02, 2020
10:54 am

क्या है खबर?

जम्मू नगर निगम (JMC) ने पुराने जम्मू में व्यापार का प्रमुख केंद्र रहे ऐतिहासिक सिटी चौक का रविवार को नाम बदलकर 'भारत माता चौक' कर दिया गया है। नगर निगम प्रशासन की ओर से रविवार रात को सिटी चौक का बोर्ड हटाकर 'भारत माता चौक' वाला बोर्ड लगाया गया। सोमवार सुबह जब लोगों ने इसे देखा तो सभी आश्चर्य में पड़ गए। JMC द्वारा नाम बदले जाने को लेकर लोगों और जनप्रतिनिधियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है।

प्रस्ताव

चार महीने पहले रखा था आम सभा में प्रस्ताव

नाम बदले जाने को लेकर भाजपा की वरिष्ठ नेता और जम्मू नगर निगम की उप महापौर पूर्णिमा शर्मा ने कहा कि उन्होंने करीब चार महीने पहले निगम की आमसभा में लोगों की बड़ी मांग के अनुसार ऐतिहासिक सिटी चौक का नाम 'भारत माता चौक' करने का प्रस्ताव दिया था। JMC ने उनके प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए आखिरकार नाम को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि सिटी चौक शहर में हुई कई ऐतिहासिक घटनाओं और विरोधों का गवाह रहा है।

जानकारी

अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर भी किया नामकरण

JMC की उप महापौर ने बताया कि लोगों की मांग पर निगम की ओर से पूर्व में शहर में पंजतीर्थी के पास सर्कुलर रोड के शुरुआती बिंदु का नाम भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की याद में 'अटल चौक' किया गया है।

असहमत

नाम बदलने को लेकर जताई असहमति

सिटी चौक नाम बदले जाने को लेकर जहां अधिकतर लोगों ने इसका स्वागत किया, वहीं कनक मंडी बाजार संघ के संयुक्त सचिव वी गुप्ता इससे सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि JMC को ऐसा नहीं करना चाहिए था। यह शहर का सबसे पुराना आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र है। JMC ने लोगों से सलाह लिए बिना ही बोर्ड को बदल दिया। यह चौक शुरू से ही सिटी चौक के नाम से जाना जाता है। नाम बदलना बड़े आश्चर्य की बात है।

मांग

जम्मू में पर्यटकों को आकर्षित करने की मांग

वहीं इस चौक का नाम बदले जाने को लेकर एक स्थानीय निवासी ने कहा कि वह फैसले का स्वागत करते हैं। मातृभूमि के लिए हर किसी के दिल में सम्मान होना चाहिए, लेकिन JMC को बाजार में पार्किंग क्षेत्र बढ़ाने और जम्मू में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए भी कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैष्णों देवी के लिए रेल लिंक होने और कटरा जाने के लिए बायपास बनने के बाद शहर में पर्यटकों की कमी आ गई थी।

जानकारी

इस चौक पर हर साल फहराया जाता है तिरंगा

जम्मू के सिटी चौक पर हर साल गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराया जाता है। भाजपा के नेता कई सालों से इस चौक का नाम बदलकर भारत माता चौक करने की मांग कर रहे थे।

जीत

JMC के चुनाव में भाजपा ने हासिल की थी बड़ी जीत

बता दें कि साल 2018 में 8 से 16 अक्टूबर के बीच चार चरणों में हुए JMC के चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की थी। उस दौरान भाजपा ने 75 में से 43 वार्डों में अपनी जीत का परचम लहराया था। उसके बाद भाजपा JMC की सत्ता पर काबिज हुई थी। उस दौरान JMC ने लोगों की मांगों के अनुसार शहर के विकास और सौंदर्य पर विशेष ध्यान देने का वादा किया था।