मुंबई में 'रेड अलर्ट'; रातभर बारिश से शहर पानी-पानी, सड़कें बनीं दरिया
मंगलवार रात मुंबई में जमकर बारिश हुई, जिससे पूरा शहर पानी-पानी हो गया। इसी भारी बारिश के बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया। शहर के कुछ पश्चिमी उपनगरों में तो 190 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई, वहीं पूर्वी इलाकों में भी 154 मिलीमीटर बरसात हुई। कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे जलभराव की समस्या सामने आई। सुरक्षा को देखते हुए अंधेरी सबवे को बंद कर दिया गया, हालांकि लोकल ट्रेनें और बाकी ज्यादातर सबवे सामान्य रूप से चलते रहे।
कंधिवली में एक घंटे में 32 मिलीमीटर बारिश हुई
देर रात कंधिवली के चारकोप सेक्टर 1 में सिर्फ एक घंटे के अंदर 32 मिलीमीटर जोरदार बारिश दर्ज की गई। इसके बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की टीमें तत्काल हरकत में आ गईं। उन्होंने अंधेरी सबवे को बंद किया और बढ़ते पानी में फंसे एक रिक्शा चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। एवरेट नगर सबवे भी पानी में डूब गया, वहीं ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे जैसी प्रमुख सड़कों पर जलभराव के चलते गाड़ियों को निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इन सब के बावजूद, सायन की पानी से भरी सड़कों पर कुछ लोग मानसून का लुत्फ उठाते भी नजर आए।