हरियाणा के मंत्री का वाहन दुर्घटना का शिकार: एयरबैग ने बचाई जान, अब हालत स्थिर
शुक्रवार को पानीपत की एल्डिको सिटी के पास एक सड़क हादसे में हरियाणा के पंचायत और खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार चोटिल हो गए। यह हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ। यहां एक टोल प्लाजा पर अचानक ब्रेक लगने से कई गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। पंवार की टोयोटा इनोवा भी इस हादसे का शिकार हुई। गनीमत रही कि उनकी गाड़ी के एयरबैग सही वक्त पर खुल गए, जिससे उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
पानीपत सिविल अस्पताल में मंत्री पंवार की हालत स्थिर
हादसे के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मंत्री जी को गाड़ी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें पानीपत के सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत अभी स्थिर है। पानीपत के विधायक प्रमोद विज और उपायुक्त वीरेंद्र दहिया भी उनका हाल जानने अस्पताल पहुंचे।
कृष्ण लाल पंवार ने इसराना विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की
कृष्ण लाल पंवार 1991 से ही हरियाणा की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। अभी वह 2 विभागों के मंत्री हैं और इससे पहले परिवहन मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं। साल 2024 में उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता छोड़कर इसराना विधानसभा सीट से चुनाव जीता, जिससे राज्य की राजनीति में उनका कद और बढ़ गया है।