LOADING...
पहलगाम आतंकी हमला: हनीमून मनाने गए नेवी अफसर की मौत, 7 दिन पहले हुई थी शादी
हनीमून पर गए नौसेना अधिकारी की पहलगाम आतंकी हमले में हत्या

पहलगाम आतंकी हमला: हनीमून मनाने गए नेवी अफसर की मौत, 7 दिन पहले हुई थी शादी

लेखन गजेंद्र
Apr 23, 2025
10:32 am

क्या है खबर?

हरियाणा में करनाल के रहने वाले 26 वर्षीय विनय नरवाल के घर मातम पसरा हुआ है। उनके घर में लोगों की शादी की थकान मिटी भी नहीं थी कि नरवाल की मौत की खबर आ गई। भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट नरवाल की शादी 16 अप्रैल को गुरूग्राम की हिमांशी से हुई थी। दोनों 21 अप्रैल को हनीमून के लिए जम्मू-कश्मीर गए थे। बुधवार को पहलगाम के बैसरन घाटी में नरवाल को आतंकियों ने गोली मार दी, जबकि हिमांशी सुरक्षित हैं।

दुखद

माता-पिता के इकलौते बेटे थे विनय नरवाल

नरवाल की शादी देहरादून में हुई थी और उन्होंने 19 अप्रैल को करनाल में रिसेप्शन पार्टी दी थी। इसके बाद नवविवाहित दंपति 21 अप्रैल को दिल्ली से जम्मू-कश्मीर रवाना हो गए थे। नरवाल अपने माता-पिता की इकलौते बेटे थे और 3 साल पहले नौसेना में भर्ती हुए थे। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल है, जिसमें पति शव के पास महिला बैठी है, वह हिमांशी और विनय की है। हिमांशी ने बताया कि आतंकियों ने धर्म पूछकर गोली मारी थी।

बयान

भारतीय नौसेना ने भी दुख जताया 

भारतीय नौसेना की ओर से एक बयान जारी किया गया है, जिसमें विनय नरवाल की मौत पर दुख जताया गया है। नौसेना ने लिखा, "नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी और सभी कार्मिक लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की दुखद मृत्यु से स्तब्ध और बहुत दुखी हैं, जो पहलगाम में हुए नृशंस आतंकी हमले में मारे गए। हम इस अकल्पनीय दुख की घड़ी में उनके परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। भारतीय नौसेना पूरी एकजुटता के साथ खड़ी है।"

ट्विटर पोस्ट

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर