गुजरात पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार लोगों को दी राहत, अब 1930 पर फोन करते ही दर्ज होगी FIR
गुजरात में अगर अब आपके साथ साइबर धोखाधड़ी होती है, तो शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस थाने जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप अपने फोन से ही राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। गांधीनगर में उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने इस नई व्यवस्था का शुभारंभ किया है। उनका मकसद है कि इससे शिकायतें जल्द निपटाई जा सकें और लोगों को उनके ठगे गए पैसे वापस मिल सकें।
I4C समर्थित E-जीरो FIR से 15.76 लाख की रिकवरी
जैसे ही कोई 1930 पर कॉल करेगा, तुरंत एक E-जीरो FIR दर्ज हो जाएगी और सीधे संबंधित पुलिस थाने को भेज दी जाएगी। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के सहयोग से यह सिस्टम तैयार किया गया है, ताकि शिकायत दर्ज करने में देर न लगे और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। इसके बाद पुलिस तुरंत पीड़ित से संपर्क करती है और तुरंत जांच शुरू कर देती है। इस नई व्यवस्था का फायदा पहले ही मामले में देखने को मिला, जब पुलिस ने 'डिजिटल अरेस्ट' जैसी धोखाधड़ी में फंसे एक शख्स के 15.76 लाख रुपये बचा लिए।
ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने मामलों के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
पुलिस महानिदेशक ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ऐसे मामलों को पूरी गंभीरता से लें और उनका जल्द से जल्द समाधान करें। उनका साफ कहना है कि इस पहल का मकसद है कि पीड़ितों को जल्द से जल्द न्याय मिले और साइबर धोखाधड़ी करने वाले आसानी से बच न सकें।