LOADING...
5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान बनाने की दौड़ से HAL बाहर, प्रोटोटाइप 3-4 सालों में- रिपोर्ट
5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान बनाने की दौड़ से HAL बाहर हो गई है

5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान बनाने की दौड़ से HAL बाहर, प्रोटोटाइप 3-4 सालों में- रिपोर्ट

लेखन आबिद खान
Feb 04, 2026
02:47 pm

क्या है खबर?

5वीं पीढ़ी के देसी लड़ाकू विमान को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। देश की सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) इन्हें बनाने की दौड़ से बाहर हो गई है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी अहम लड़ाकू विमान परियोजना से HAL बाहर हुई है। वहीं, परियोजना के लिए 7 कंपनियों ने बोली लगाई थी, जिनमें से 3 को शॉर्टलिस्ट किया गया है। अगले 3-4 महीनों में कंपनी का चयन होने की उम्मीद है।

बयान

रक्षा सचिव बोले- 3 कंपनियां दौड़ में

रक्षा सचिव राजेश कुमार ने CNBC-TV18 से बात करते हुए कहा, "निजी क्षेत्र की प्रतिक्रिया से हम आश्चर्यचकित हैं। हमने प्रारंभिक पूर्व-योग्यता जांच पूरी कर ली है और 3 कंपनियां दौड़ में हैं। इसके बाद आप उम्मीद कर सकते हैं कि एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्रॉफ्ट (AMCA) के 5 प्रोटोटाइप के उत्पादन के लिए लागत बोलियां प्रस्तुत करने हेतु तीनों कंपनियों को निविदा जारी की जाएगी।" उन्होंने ये भी संकेत दिया कि प्रोटोटाइप 3-4 सालों में तैयार होने की उम्मीद है।

वजह

क्यों बाहर हुई HAL?

HAL ने बोली में परियोजना के लिए जरूरी शर्तों को पूरा नहीं किया। बताया जाता है कि तेजस विमानों की डिलीवरी में देरी को भी इसकी वजह माना जा रहा है। फरवरी, 2021 में HAL को 83 तेजस विमानों का ऑर्डर मिला था, लेकिन अभी तक वायुसेना को पहली यूनिट भी नहीं मिली है। इस पर वायुसेना प्रमुख ने नाराजगी भी जताई थी। हालांकि, HAL का कहना है कि अमेरिका से इंजन मिलने में देरी के चलते लेटलतीफी हुई है।

Advertisement

कंपनियां

अब कौनसी कंपनियां दौड़ में?

कुछ रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड, लार्सन एंड टुब्रो और भारत फोर्ज अंतिम 3 में बनी हुई हैं। इनके अलावा HAL अदानी डिफेंस, गुडलक इंडिया, ब्रह्मोस एयरोस्पेस तिरुवनंतपुरम लिमिटेड, एक्सिकोड टेक्नोलॉजीज समेत अन्य कंसोर्टियम ने बोली लगाई थी। चुनी गई कंपनी एरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (ADA) के साथ मिलकर 5 AMCA प्रोटोटाइप बनाएगी। इसके लिए रक्षा मंत्रालय ने लगभग 15,000 करोड़ रुपये का बजट तय किया है।

Advertisement

खासियत

क्या होगी विमानों की खासियत?

AMCA भारत का 5वीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर जेट है, जिसे स्वदेशी तकनीक से विकसित किया जा रहा है। 2 इंजन वाला ये विमान हर मौसम में 65,000 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भरने में सक्षम होगा। स्टील्थ तकनीक की वजह से ये रडार को भी चकमा दे सकेगा। 25 टन वजनी ये विमान अपने साथ 7,000 किलोग्राम वजन लेकर उड़ सकेगा। आधुनिक हथियारों और सेंसर से लैस इस विमान की रेंज 3,200 किलोमीटर के आसपास होगी।

प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट्स ऐसे आधुनिक युद्धक विमान होते हैं, जिनमें स्टेल्थ तकनीक होती है, जिससे दुश्मन के रडार इन्हें पकड़ नहीं पाते। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सुपरक्रूज, बेहतर एवियोनिक्स और नेटवर्ल्ड कॉम्बैट सिस्टम जैसे उन्नत फीचर होते हैं। ये विमान दुश्मन के ठिकानों पर तेज और सटीक हमला करने की क्षमता रखते हैं। दुनिया में अमेरिका, रूस और चीन जैसे चुनिंदा देशों के पास ही ऐसे विमान मौजूद हैं।

Advertisement