गुरुग्राम: महिला बाइकर बोली- अगर गलती थी तो चालक भागा क्यों? कार सवार ने भी लगाए आरोप
क्या है खबर?
गुरुग्राम के हिट एंड रन मामले में पीड़ित महिला बाइकर सिया सामने आई है। उन्होंने कार चालक के उस दावे पर सवाल उठाए, जिसमें उसने कहा था कि टक्कर गलती से लग गई थी। सिया ने पूछा कि अगर टक्कर गलती से लगी थी तो उसे रुककर उनकी मदद करनी चाहिए थी न कि भागना था। सिया ने एक वीडियो में कहा, "इस तरह सहानुभूति बटोरने वाला व्यवहार आरोपी को बिल्कुल शोभा नहीं देता।"
वीडियो
सिया ने पूछा- क्या 2 वीडियो सबूत के लिए काफी नहीं?
सिया ने कहा, "2 वीडियो सबूत के तौर पर काफी क्यों नहीं हैं? एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि ड्राइवर पहली लेन से तीसरी लेन में गया, मुझे टक्कर मारी और भाग गया। दूसरे वीडियो में भी दिख रहा है कि वह लेन बदलते हुए मेरी बाइक को टक्कर मारता है और भाग जाता है। मैं बाइक से गिर गई और उसकी घिसटती चली गई। क्या ये 2 वीडियो सबूत के लिए काफी नहीं हैं?"
बयान
सिया बोली- ऐसे लोगों पर शर्म आती है
सिया ने कहा, "अगर ड्राइवर को मेरी इतनी चिंता थी, तो यह उसकी जिम्मेदारी थी कि वह गाड़ी रोकता और देखता कि मुझे चोट तो नहीं आई है। सभी वीडियो में दिख रहा है कि उसने मेरी बाइक को टक्कर मारी और बिना एक पल भी रुके मौके से भाग गया, यह देखे बिना कि मैं जिंदा हूं या मर गई। मुझे ऐसे लोगों पर शर्म आती है। उन्हें यह एहसास नहीं होता कि उनके परिवार में भी महिलाएं हैं।"
कार चालक
आरोपी कार चालक बोला- सिया को पब्लिसिटी चाहिए
आरोपी कार चालक कल्याण बैंसला के वकील ने आरोप लगाया कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए किया गया एक स्टंट था।
उसके वकील ने कहा, "आप उस महिला का वीडियो देखिए, वह 140-170 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रही है। यह सड़क स्टंट या तेज रफ्तार के लिए नहीं बनी है। विवाद खड़ा करने के लिए इसे प्रचारित किया जा रहा है। यह महिला फॉलोअर्स, व्यूज और पब्लिसिटी चाहती है।"
आरोपी का बयान
आरोपी बोला- रुकते तो लोग पीट देते
वकील ने कहा, "गलती हमारी नहीं थी, हमने फुटपाथ को बचा लिया, लड़की दाईं ओर आ गई, हम थोड़ा बाईं ओर चले गए, और इसी वजह से दुर्घटना हुई।"
उन्होंने कहा कि कार में सवार चारों लोग संभावित 'पीट-पीटकर हत्या' के डर से भाग गए थे।
वहीं, ड्राइवर बैंसला ने कहा, "मैंने युवती को कोई इशारा नहीं किया, बस धीरे चलाने को कहा। मैं मानता हूं कि टक्कर हुई। अगर मैं रुक जाता, तो वे लोग हमें पीट देते।"
मामला
क्या है मामला?
13 सितंबर को बाइकर सिया अपने दोस्तों के साथ गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स पर राइड के लिए निकली थी। तभी एक कार ने उनका पीछा किया और उन्हें रोकने की कोशिश की।
जब सिया ने अपनी बाइक आगे बढ़ाई, तो आरोपी ने उनसे कुछ कहा और पीछे से आकर बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद सिया बाइक से गिर गई और बाइक कई मीटर दूर तक घसीटती हुई चली गई। घटना के बाद कल्याण भाग निकला।