Page Loader
डेरा सच्चा सौदा के राम रहीम ने फिर मांगी 21 दिन की फरलो, कोर्ट ने फटकारा
डेरा सच्चा सौदा के राम रहीम ने मांगी 21 दिन की फरलो

डेरा सच्चा सौदा के राम रहीम ने फिर मांगी 21 दिन की फरलो, कोर्ट ने फटकारा

लेखन गजेंद्र
Jun 14, 2024
04:33 pm

क्या है खबर?

डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने एक बार फिर पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट से 21 दिन की फरलो के लिए आवेदन किया है। इस पर कोर्ट ने नाराजगी जताई है। दैनिक भास्कर के मुताबिक, राम रहीम ने अपनी याचिका में बताया है कि उसे इस महीने डेरा सच्चा सौदा के कार्यक्रम में हिस्सा लेना है। इस पर कोर्ट ने उसे फटकार लगाई और याचिका स्थगित करने को कहा है। मामले पर सुनवाई अब जुलाई में होगी।

आवेदन

लोकसभा चुनाव के समय भी मांगी थी फरलो

राम रहीम के आवेदन पर कोर्ट ने कहा कि कार्यक्रम तय करने के बाद फरलो के लिए आवेदन करने का कोई मतलब नहीं है, यह कोर्ट में एक तरह का दबाव बनाना हुआ। बता दें, लोकसभा चुनाव से पहले भी डेरा प्रमुख ने फरलो मांगा था और 14 दिन की राहत मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने अनुमति देने से इंकार कर दिया था। इससे पहले भी कोर्ट राम रहीम को बार-बार पैरोल और फरलो देने पर आपत्ति जता चुका है।

राहत

राम रहीम को मिल चुकी है 9 बार राहत

राम रहीम को 2017 में सजा होने के बाद 9 बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है। अक्टूबर 2020 में 1 दिन, 21 मई 2021 को 1 दिन, 7 फरवरी 2022 को 21 दिन, जून 2022 को 1 महीने, अक्टूबर 2022 को 40 दिन की पैरोल मिली थी। उसे पिछले साल नवंबर में 29 दिनों की फरलो दी गई थी। 2024 में 19 जनवरी को 50 दिन की पैरोल दी गई थी।