Page Loader
गुजरात: वडोदरा-आणंद को जोड़ने वाला पुल ढहा, कई वाहन नदी में गिरने से 9 की मौत
गुजरात में वडोदरा को आणंद से जोड़ने वाला पुल ढहा

गुजरात: वडोदरा-आणंद को जोड़ने वाला पुल ढहा, कई वाहन नदी में गिरने से 9 की मौत

लेखन गजेंद्र
Jul 09, 2025
01:16 pm

क्या है खबर?

गुजरात में वडोदरा जिले को आणंद से जोड़ने वाला गंभीरा पुल बुधवार सुबह अचानक ढह गया, जिससे 5 वाहन नदी में गिर गए। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है। यह पुल महिसागर नदी पर बना है, जिसका पादरा-जंबूसर हिस्सा सुबह 7:30 बजे ढहा है। मौके पर स्थानीय प्रशासन और बचाव टीम पहुंच गई है, जिन्होंने 5 लोगों को बचाया है। पुल ढहने से नदी में एक ट्रक, एक बोलेरो और एक बाइक समेत 5 वाहन गिरे हैं।

हादसा

पुल पर थी वाहनों की कतार

गुजरात में भारी बारिश की वजह से नदी उफान पर है, जिससे गंंभीरा पुल तेज बहाव को बर्दाश्त नहीं कर सका और बीच से ध्वस्त हो गया। हादसे के समय पुल पर कई वाहन खड़े थे, जिनमें 5 नदी में समा गए और एक ट्रक पुल के अधूरे हिस्से पर अटक गया। पुल टूटते ही अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। पहले 3 शव मिले थे, इसके बाद 6 और शव नदी में दिखे।

जाम

जर्जर था पुल, नहीं किया गया बंद

गुजरात समाचार के मुताबिक, पुल का निर्माण 1985 में हुआ था। इसके ढहने में निर्माण विभाग की लापरवाही सामने आ रही है क्योंकि सरकार ने नए पुल के निर्माण को मंजूरी दी थी, जिसका सर्वे हो चुका था, लेकिन जर्जर पुल को बंद नहीं किया गया। वडोदरा को आणंद से जोड़ने वाला यह पुल काफी व्यस्त रहता था। इसी से लोग आना-जाना करते थे। पुल टूटने से संपर्क प्रभावित हुआ है। पुलिस ने मार्ग परिवर्तित किया है।

ट्विटर पोस्ट

घटना का दृश्य

मुआवजा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा

घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया और मुआवजे की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने उनके हवाले से एक्स पर लिखा, 'गुजरात के वडोदरा में पुल के ढहने से हुई जनहानि बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।'

ट्विटर पोस्ट

एक महिला मदद के लिए चिल्लाते हुए दिखी

जांच

मोरबी घटना से नहीं लिया सबक

मोरबी में 30 अक्टूबर 2022 को मच्छू नदी पर बना केबल सस्पेंशन ब्रिज टूट गया था, जिसमें करीब 500 लोग नदी में गिर गए थे। हादसे में 141 की मौत हुई थी, जिसमें 47 बच्चे थे। पुल 143 साल पुराना था, जिसे मरम्मत के बाद 26 अक्टूबर, 2022 को जनता के लिए खोला गया था। इसकी मरम्मत में लापरवाही हुई थी। नवंबर 2024 में आणंद में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का निर्माणाधीन पुल ढहने से 3 मजदूरों की मौत हुई थी।