सूरत: 2 बसों और एक ट्रैक्टर की टक्कर में 7 यात्रियों की मौत, कई जिंदा जले
क्या है खबर?
गुजरात के सूरत में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है। बारडोली के पास धुलिया राजमार्ग पर 2 बसों की भीषण टक्कर हो गई है, जिसके बाद एक बस पलट गई और उसमें आग लग गई। वहीं, घटना में कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं। बसों में सवार यात्री और घटना की भयावहता को देखते हुए हताहतों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।
घटना
कैसे हुआ हादसा?
ये हादसा बारडोली तालुका के उवा गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि धुलिया से सूरत जा रही एक बस, गुजरात की एक अन्य बस और एक ट्रैक्टर आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद एक बस पलट गई और उसमें आग लग गई। इस दौरान कई यात्री बस के अंदर फंस गए और गंभीर रूप से जल गए। दमकल विभाग ने गैस कटर से बस काटकर लोगों को बाहर निकाला।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें घटना का वीडियो
#WATCH | Surat, Gujarat: Seven people have died so far following a road accident involving two buses on the Gujarat-Maharashtra Highway in the Bardoli Tehsil of Surat district: Rajesh Gadhiya (SP, Surat Rural)
— ANI (@ANI) June 2, 2026
(Source: Fire Department) pic.twitter.com/wwgRsrBzkm
मुआवजा
प्रधानमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, 'सूरत में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों। बचाव कार्य जारी हैं और अधिकारी दुर्घटना स्थल पर हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। प्रधानमंत्री राहत कोष की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।'