Loading...
गुजरात में ट्रक से टकराकर कार के 2 टुकड़े हुए, 3 बच्चों समेत 7 की मौत
गुजरात के कच्छ जिले में कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर

गुजरात में ट्रक से टकराकर कार के 2 टुकड़े हुए, 3 बच्चों समेत 7 की मौत

लेखन आबिद खान
Nov 22, 2026
09:44 am

क्या है खबर?

गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां भुज-खावड़ा हाईवे पर एक कार और ट्रेलर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 3 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी पीड़ित उत्तराखंड के रहने वाले थे और एक ही परिवार से थे। ये लोग कच्छ घूमने आए थे। मृतकों में 2 पुरुष, 2 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं।

हादसा

टक्कर के बाद कार के 2 टुकड़े हुए

यह घटना भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर खावड़ा के पास हुई। कच्छ पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे हादसा हुआ, जब परिवार कच्छ का रण घूमने के बाद भुज लौट रहा था।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के 2 टुकड़े हो गए और कई शव अंदर ही फंस गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने बताया कि कई घंटों की मेहनत के बाद शवों को निकाला जा सका।

पीड़ित

सेना में अधिकारी है पीड़ित परिवार का एक शख्स

बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार का एक सदस्य सेना में था, जिनकी पोस्टिंग कच्छ में ही थी। उन्होंने उत्तराखंड से अपने परिवार को कच्छ घूमने बुलाया था।

हादसे की जानकारी मिलने पर सेना के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी 3 महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी बेटी रक्षिता (7), रिंकी गोसाईं (30) और उनकी 4 वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है।

ADVERTISEMENT