सरकार ने वाणिज्यिक-औद्योगिक LPG पर लगी सभी पाबंदियां हटाईं, अमेरिका-ईरान में तनाव कम होने का असर
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान में तनाव कम होने के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने गैर-घरेलू LPG पर लगे सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं। सरकार ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद आपूर्ति को युद्ध से पहले के स्तर पर बहाल कर दिया गया है। हालांकि, ये छूट केवल औद्योगिक और वाणिज्यिक LPG वालों के लिए ही है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए अभी भी पाबंदियां लागू हैं।
छूट
पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा- घरेलू LPG उत्पादन में सुधार हुआ
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि संकट की शुरुआत में रोकी गई बल्क LPG की आपूर्ति में भी ढील दी गई है और इसे संकट से पहले की खपत के स्तर का 50 प्रतिशत कर दिया गया है। मंत्रालय ने कहा, "पश्चिम एशिया में तनाव के कारण वैश्विक आपूर्ति में आई बाधाओं के बाद घरेलू LPG उत्पादन में सुधार हुआ है और आयातित LPG कार्गो की उपलब्धता भी बेहतर हुई है।"
असर
आपको क्या फायदा?
भले ही फिलहाल राहत घरेलू उपभोक्ताओं को न मिली हो, लेकिन इसका असर जरूर आम लोगों पर पड़ेगा। सरकार के इस कदम से होटलों, रेस्तरां, विनिर्माण इकाइयों और अन्य औद्योगिक उपभोक्ताओं सहित वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को फायदा होगा, जो अपने कामकाज के लिए LPG पर बहुत अधिक निर्भर हैं। आपूर्ति प्रभावित होने से कई होटलों और औद्योगिक इकाइयों के उत्पाद पर असर पड़ा था, जो अब धीरे-धीरे सामान्य हो सकेगा।