हज 2027: पहली बार कोलकाता बना प्रस्थान बिंदू, AI की मदद से आसान होगा सफर
क्या आप हज 2027 के लिए तैयार हैं? भारत सरकार ने अपनी नई नीति जारी कर दी है और इस बार के सफर के लिए आवेदन लेने शुरू कर दिए हैं। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि हज 2027 को सुरक्षित, आरामदायक और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। आप हज कमेटी की वेबसाइट hajcommittee.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या फिर हज सुविधा ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे यात्रियों को काफी आसानी होगी।
हज सीटों का बंटवारा वैसा ही रहेगा, कोलकाता को भी जोड़ा गया
हज कमेटी (1,22,518 सीटें) और प्राइवेट टूर ऑपरेटरों (52,507 सीटें) के बीच 70-30 का सीटों का बंटवारा पहले की तरह ही बरकरार रहेगा। हालांकि, पिछले साल के 1,75,025 सीटों के कुल कोटे को इस बार बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। कोलकाता को भी पहली बार शॉर्ट हज पैकेज के लिए एक नया प्रस्थान बिंदु बनाया गया है। यह फैसला लोगों की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए लिया गया है।
इसके अलावा, कुछ तकनीकी सुधार भी किए गए हैं। अब हर 135 हज यात्रियों पर एक स्टेट हज इंस्पेक्टर मौजूद रहेगा। आवेदन प्रक्रिया को तेज करने और शिकायतों को तुरंत सुलझाने के लिए AI टूल्स का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही, सऊदी अरब के 'नुसुक' प्लेटफॉर्म से भी जुड़ने की योजना है ताकि यात्रियों को सभी जरूरी अपडेट्स आसानी से मिल सकें।