फ्रांस में 300 भारतीय यात्रियों संग फंसा विमान आज रात पहुंचेगा मुंबई, क्या है मामला?
क्या है खबर?
मानव तस्करी के संदेह में 303 से अधिक यात्रियों वाले विमान को फ्रांसीसी अधिकारियों द्वारा हिरासत में लिए जाने के 3 दिन बाद यह सोमवार रात मुंबई पहुंचेगा।
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, रोमानिया की लीजेंड एयरलाइंस द्वारा संचालित A340 विमान पहले सोमवार दोपहर 2ः30 बजे उतरने वाला था, लेकिन अब देर रात करीब 1ः30 बजे तक इसके मुंबई हवाई अड्डे पर उतरने की उम्मीद है।
विमान में भारतीय मूल के यात्रियों की संख्या अधिक है।
घटना
क्या है मामला?
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से 303 भारतीय यात्रियों को लेकर निकारागुआ जा रहे विमान को गुरुवार को पेरिस से 150 किलोमीटर पूर्व में फ्रांस के वैट्री हवाई अड्डे पर ईंधन भरने के दौरान रोका गया था।
विमान में सवार यात्रियों से उनकी यात्रा की 'शर्तों और उद्देश्यों' को सत्यापित करने के लिए रविवार को 4 न्यायाधीशों ने पूछताछ की।
सुनवाई पेरिस अभियोजक कार्यालय द्वारा मानव तस्करी के संदेह में की गई। फ्रांस के न्यायाधीशों ने सुनवाई रद्द कर दी है।
जांच
विमान में सवार हैं 11 नाबालिग
विमान में सवार 303 भारतीय यात्रियों में 11 नाबालिग भी शामिल थे, जिनके साथ कोई भी सवार नहीं था। विमान में सवार यात्रियों में अधिकतर हिंदी और तमिल भाषी यात्री हैं।
बता दें कि मानव तस्करी के संदेह पर विमान में सवार 2 यात्रियों को हिरासत में लेकर फ्रांसीसी पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ भी की थी, जिनकी हिरासत 48 घंटे के लिए बढ़ी थी।
लीजेंड एयरलाइंस ने किसी भी मानव तस्करी में शामिल होने से इनकार किया था।