Page Loader
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का निधन, कैंसर से थे पीड़ित
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का कैंसर से हुआ निधन

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का निधन, कैंसर से थे पीड़ित

May 13, 2024
11:37 pm

क्या है खबर?

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी का सोमवार रात को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्सान (AIIMS) में निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे और गले के कैंसर से जूझ रहे थे। उनका पिछले कई दिनों को दिल्ली AIIMS उपचार चल रहा था। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन की पुष्टि करते हुए शोक जताया है। आइए पूरी खबर जानते हैं।

पुष्टि

सुशील कुमार ने खुद की थी कैंसर से पीड़ित होने की पुष्टि

बता दें कि सुशील कुमार 3 अप्रैल को ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए लोगों को खुद के कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था, 'पिछले 6 माह से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूं । अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है । लोकसभा चुनाव में कुछ कर नहीं पाऊंगा । प्रधानमंत्री को सब कुछ बता दिया है । देश, बिहार और पार्टी का सदा आभार और सदैव समर्पित |'

शोक

उपमुख्यमंत्री सिन्हा ने व्यक्त किया शोक

बिहार के उपमुख्यमंत्री सिन्हा ने एक्स पर लिखा, 'भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी अब हमारे बीच नहीं रहे। पूरे भाजपा संगठन परिवार के साथ-साथ मेरे जैसे असंख्य कार्यकताओं के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है। अपने संगठन कौशल, प्रशासनिक समझ और सामाजिक राजनीतिक विषयों पर अपनी गहरी जानकारी के लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे. ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिरशांति और परिजनों को सम्बल प्रदान करें।'

जानकारी

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी जताया दुख

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी सुशील मोदी के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा, 'बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। यह बिहार भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है।'

राजनीति

2004 में पहली बार पहुंचे थे संसद

पटना विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव से राजनीति में कदम रखने वाले सुशील मोदी उस छात्रसंघ के महासचिव बने थे, जिसके लालू प्रसाद यादव अध्यक्ष चुने गए थे। 1990 में उन्होंने पहली बार पटना मध्य विधानसभा से चुनाव जीता था। उसके बाद वह लगातार 3 बार जीते। साल 2004 में वह भागलपुर से जीतकर संसद पहुंचे थे। मोदी 2005 से 2013 और 2017 से 2020 तक बिहार के उपमुख्यमंत्री रहे थे। इसके बाद 2020 में ही उनको राज्यसभा भेजा गया था।

अंतिम संस्कार

मंगलवार को किया जाएगा अंतिम संस्कार

सुशील मोदी के निधन की खबर से बिहार के राजनीति में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। भाजपा सहित विपक्षी पार्टियों के नेताओं का उनके घर जमा होना शुरू हो गया है। इधर, परिजनों का कहना है कि शव को मंगलवार को विशेष विमान के जरिए पटना के राजेन्द्र नगर स्थित आवास पर लाया आएगा। वहां शव को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर में अंतिम संस्कार किया जाएगा।