जम्मू में बारिश ने मचाई तबाही, लोगों ने उठाई इमारतों की जांच की मांग
जम्मू में मंगलवार को जोरदार बारिश हुई, जिसके बाद टल्ला टिल्लो और कैनाल रोड जैसे इलाकों की सड़कें पानी से भर गईं और जगह-जगह जाम लग गया। बारिश का पानी कई घरों और दुकानों में भी घुस गया, जिससे स्थानीय लोगों की दिक्कतें बढ़ गईं। शहीद चौक पर सुबह-सुबह तेज बारिश के बाद एक पुराना खाली पड़ा मकान ढह गया, लेकिन अच्छी बात यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ। दरअसल, परिवार ने घर में दरारें पड़ने के बाद उसे पहले ही खाली कर दिया था।
जम्मूवासियों ने इमारतों की जांच की मांग की
स्थानीय लोग अब प्रशासन से पुरानी और जर्जर इमारतों की तुरंत जांच कराने और उनकी मरम्मत करने की अपील कर रहे हैं, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो। शहर के मुख्य हाईवे पर भी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। इसके अलावा, कुछ देर के लिए जम्मू-किश्तवाड़ मार्ग पर मिट्टी खिसकने से आवाजाही रुक गई थी। दूसरी ओर डोडा जिले में भी अचानक बाढ़ आने की खबरें मिली है। हालांकि, इससे किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ। मौसम विभाग ने बताया है कि इस हफ्ते भी बारिश जारी रहने की संभावना है और लोगों को अचानक बाढ़ तथा भूस्खलन के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।