आंध्र प्रदेश: श्रीशैलम में कमरे में मिले एक ही परिवार के 5 लोगों के शव, आत्महत्या का अंदेशा
आंध्र प्रदेश के नंद्याल जिले के श्रीशैलम में मंगलवार को एक दुखद खबर सामने आई। यहां एक लॉज के कमरे में एक ही परिवार के 5 सदस्य मृत पाए गए। इनकी उम्र 15 से 50 साल के बीच बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इस परिवार ने 20 अगस्त को 'वडडेरा सतरम' नाम के लॉज में कमरा लिया था, लेकिन 3 दिनों तक वे कमरे से बाहर नहीं निकले, जिसके बाद यह घटना सामने आई। पुलिस को शक है कि यह सामूहिक आत्महत्या का मामला है।
जांच में परिवार की गतिविधियों और संघर्षों की पड़ताल
इस घटना का पता तब चला जब लॉज के कर्मचारियों ने परिवार के कमरे से बदबू आती महसूस की। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरा खोला, तो वहां का मंजर दिल दहला देने वाला था। बाथरूम में 3 महिलाएं मृत मिलीं, जबकि 2 पुरुष पंखे से लटके हुए थे। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। वह यह जानने की कोशिश में हैं कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां थीं, जिनकी वजह से परिवार ने यह कदम उठाया। इसके लिए परिवार की हालिया गतिविधियों, उनके आर्थिक हालात और किसी भी तरह की निजी समस्याओं की पड़ताल की जा रही है।